ब्रेकिंग न्यूज़

अल्मोड़ा। राजकीय महाविद्यालय तल्ला सल्ट में एंटी रैगिंग सेल के तत्वावधान में विद्यार्थियों को रैगिंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऑफलाइन माध्यम से जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से नवागंतुक छात्र-छात्राओं को रैगिंग के दुष्प्रभावों, इसके कानूनी प्रावधानों तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन इतिहास विभाग प्रभारी डॉ. गरिमा पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

जागरूकता बैठक के दौरान एंटी रैगिंग समिति के सदस्यों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं के साथ रैगिंग के विषय में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें रैगिंग के प्रति जागरूक किया और बताया कि किसी भी विद्यार्थी को रैगिंग जैसी घटनाओं को सामान्य रूप से नहीं लेना चाहिए।

वहीं, भौनरवाल चौकी प्रभारी मोहन चंद्र ने विद्यार्थियों को रैगिंग के अलावा साइबर फ्रॉड और नशा मुक्ति के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि उन्हें रैगिंग अथवा किसी अन्य प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है तो वे बिना किसी भय या संकोच के पुलिस चौकी से संपर्क कर सकते हैं।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. राघव कुमार झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रैगिंग से होने वाले मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महाविद्यालय में सुरक्षित, अनुशासित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समाजशास्त्र विभाग प्रभारी डॉ. चंद्रा गोस्वामी तथा हिंदी विभाग प्रभारी डॉ. गिरीश चंद्र ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रैगिंग करना और रैगिंग सहना दोनों ही गंभीर एवं दंडनीय विषय हैं। यदि किसी विद्यार्थी के साथ रैगिंग अथवा उत्पीड़न जैसी कोई घटना होती है तो वह निःसंकोच एंटी रैगिंग समिति के सदस्यों के समक्ष अपनी बात रखे, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि महाविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की रैगिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी छात्र-छात्राओं को एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के समस्त सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  विवेचनाधीन अभियोग पर भ्रामक प्रचार को लेकर नैनीताल पुलिस सख्त तथ्यहीन और अपुष्ट पोस्ट प्रसारित करने पर देहरादून के X हैंडल संचालक को नोटिस, निर्धारित समय में मांगा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.