ब्रेकिंग न्यूज़

बैंक ऑफ़ बड़ौदा द्वारा ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान, आरसेटी, हल्द्वानी का शुभारंभ

कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने किया उद्घाटन, 65 से अधिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण के जरिए आत्मनिर्भरता पर जोर

हल्द्वानी। युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक श्री लाल सिंह ने हल्द्वानी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल, बरेली अंचल के अंचल प्रमुख श्री प्रतीक अग्निहोत्री तथा आरसेटी के निदेशक श्री अतुल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से 65 से अधिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप स्वरोजगार शुरू कर सकें।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल रोजगार की तलाश करने के बजाय स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देना ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और उत्पादों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने उद्यमियों से ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहित करने से रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं और महिलाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

आरसेटी के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण दिए जाने से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों, आरसेटी से जुड़े कर्मचारियों और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में फिल्म ‘हनुमान अंश’ टैक्स फ्री, दर्शकों को नहीं देना होगा SGST

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.