भीमताल/ओखलकांडा। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के तल्ला ओखलकांडा में बीते दिनों हुई दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। मां डिकरी देवी की मौत के बाद उनके चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
बच्चों की देखभाल और भविष्य को लेकर परिजनों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। इस कठिन समय में गांव के पड़ोसी और ग्रामीण संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चों के सहारे के लिए आगे आए हैं।
सोमवार को परिजन डिकरी देवी की अंत्येष्टि के लिए रानीबाग पहुंचे। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में व्यस्त रहे, वहीं पीछे रह गए चारों बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी पड़ोसियों ने संभाली। ग्रामीण बच्चों को अकेला महसूस न हो, इसके लिए लगातार उनके संपर्क में हैं और उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रख रहे हैं।
परिवार में फिलहाल बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं
ग्राम प्रधान कमल बोहरा ने बताया कि डिकरी देवी की मौत के बाद बच्चों की परवरिश और देखभाल के लिए फिलहाल परिवार में कोई मौजूद नहीं है। ऐसे में गांव के लोगों ने मिलकर बच्चों की मदद का निर्णय लिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही आसपास के लोग बच्चों के रहने और खाने की व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चारों बच्चों के लिए यह बेहद कठिन समय है। कम उम्र में मां को खो देना उनके लिए बड़ा आघात है। ऐसे में केवल भोजन और रहने की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि बच्चों को भावनात्मक सहारा देना भी बेहद जरूरी है। गांव के लोग अपनी क्षमता के अनुसार बच्चों की जरूरतें पूरी करने में जुटे हैं।
दुख की घड़ी में एकजुट हुआ गांव
मां की मौत के बाद बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने कहा कि इस समय बच्चों को यह एहसास दिलाना जरूरी है कि वे अकेले नहीं हैं। पड़ोसी बारी-बारी से बच्चों के साथ समय बिता रहे हैं और उनकी जरूरतों का ध्यान रख रहे हैं।
ग्रामीणों की इस पहल ने मुश्किल घड़ी में सामुदायिक सहयोग की मिसाल पेश की है। गांव के लोगों का कहना है कि आगे भी बच्चों की जरूरतों के अनुसार हरसंभव मदद जारी रखी जाएगी, ताकि मां की मौत के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
घटना के बाद पुलिस भी आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई है। तल्ला ओखलकांडा के एसआई अनीश अहमद ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में सभी संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों को लगाया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद पूरा गांव शोक में है। चार मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं, लेकिन मुश्किल समय में जिस तरह पड़ोसी और ग्रामीण उनके साथ खड़े हुए हैं, उससे बच्चों को तत्काल सहारा जरूर मिला है।









