ब्रेकिंग न्यूज़

35 साल पुराने भाजपा कार्यकर्ता का दर्द: “दरी बिछाने वालों की हो रही उपेक्षा, दल-बदलुओं को मिल रहे पद”

हल्द्वानी। भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट ने राज्य में पार्टी के पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही उपेक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से भाजपा से जुड़े हैं और बड़े दुख के साथ यह कहना पड़ रहा है कि जिन कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी उत्तराखंड में दो बार सत्ता तक पहुंची, आज वही कार्यकर्ता संगठन में हाशिए पर धकेल दिए गए हैं।

भुवन भट्ट ने आरोप लगाया कि पार्टी में बाहर से आए दल-बदलू नेताओं को महत्वपूर्ण पद और जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, जबकि वर्षों से निष्ठा के साथ कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को केवल दरी बिछाने, पुतले फूंकने, बैठकों में भीड़ जुटाने और नेताओं के होर्डिंग लगाने तक सीमित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है। स्थानीय अधिकारियों और सत्ता से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों की मनमानी के कारण आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और सरकार तथा संगठन की छवि प्रभावित हो रही है।

भुवन भट्ट ने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित सम्मान, जिम्मेदारी और अवसर दिए जाएं। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकारियों की मनमानी पर अंकुश लगाकर जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान और मनोबल लगातार गिरता रहा तो संगठन की जमीनी ताकत कमजोर होगी, जिसका सीधा प्रभाव भविष्य में पार्टी के जनाधार पर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें :  जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हल्द्वानी पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.