ब्रेकिंग न्यूज़

कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर शुक्रवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब कैंची धाम से लौट रहे पर्यटकों की कार के अचानक ब्रेक फेल हो गए।

सूझबूझ दिखाते हुए चालक ने कार को सड़क किनारे पहाड़ी से टकराकर खाई में गिरने से बचा लिया। हादसे में कार सवार सभी आठ लोग घायल हो गए, जिनमें पिता-पुत्री को गंभीर चोटें आने पर हल्द्वानी रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार रामनगर चौक, बनारस (उत्तर प्रदेश) निवासी सुशील शुक्ला अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार सुबह कैंची धाम दर्शन के लिए गए थे।

शाम करीब साढ़े पांच बजे वापसी के दौरान कालाढूंगी से करीब चार किलोमीटर पहले उनकी कार के ब्रेक फेल हो गए।

बताया गया कि कार चला रहे रिश्तेदार इंद्रेश कुमार शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे कार गहरी खाई में गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में सुशील शुक्ला, उनकी पुत्री सृष्टि शुक्ला समेत सभी आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया गया।

जहां गंभीर रूप से घायल सुशील शुक्ला और उनकी पुत्री को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा कार खाई में गिर सकती थी और नुकसान कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।

यह भी पढ़ें :  हाईवे पर उतरा हाथियों का झुंड, विशालकाय हाथी से भिड़ी बोलेरो; कार छोड़कर भागा चालक
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.