ब्रेकिंग न्यूज़

एयरपोर्ट विस्तार के लिए अतिक्रमण पर कार्रवाई तेज, 800 परिवारों को नोटिस

पंतनगर।  एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को जिला प्रशासन, पंतनगर विश्वविद्यालय और पुलिस की संयुक्त टीम ने संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी में करीब 800 परिवारों को नोटिस जारी किए।

जो लोग मौके पर मौजूद नहीं मिले, उनके घरों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए। नोटिस में 15 दिन के भीतर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई शासन के आदेशों और उच्चतम न्यायालय तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार जांच में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और उसका खर्च संबंधित व्यक्तियों से वसूला जाएगा।

साथ ही प्रभावित लोगों को 30 अप्रैल तक अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है, जिसके लिए उन्हें संबंधित कार्यालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे।

इस कार्रवाई के बाद संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी में रहने वाले लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि वे पिछले कई दशकों से यहां रह रहे हैं और अचानक बेदखली की कार्रवाई अमानवीय है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से पुनर्वास की मांग करते हुए वैकल्पिक जमीन या सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की अपील की है।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम किच्छा गौरव पांडे, एसडीएम रुद्रपुर मनीष बिष्ट, तहसीलदार किच्छा गिरीश चंद्र त्रिपाठी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशासन का कहना है कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, जबकि प्रभावित लोग पुनर्वास के बिना कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर AHTU नैनीताल की स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग, 6 स्पा सेंटरों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.