हल्द्वानी में फायरिंग और हत्या के प्रयास में आरोपी मनीष परिहार को किया गिरफ्तार, रिवाल्वर व कारतूस बरामद

हल्द्वानी। बीते दिन एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। गनीमत रही कि पीड़ित और उसका पोता इस हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने अपने साथियों योगेंद्र परमार और सुदर्शन परमार के साथ कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति अपनी कार (UK04AQ-3663) से मौके पर पहुंचा और कमल परमार को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली उनके मकान की सीढ़ियों पर जाकर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 139/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार (45 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर फेस-6, डहरिया, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .32 बोर रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ और कांस्टेबल मुकेश सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में शिक्षक के छेड़छाड़ के आरोप से मचा बवाल, आक्रोशित छात्रों ने प्राध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.