हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारी बैठक हल्द्वानी में शुरू हो गई है। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी के बीच संगठन की आगामी रणनीति, विधायकों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड और आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण मंथन किया जा रहा है।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं सांसद अनिल बलूनी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। इसके अलावा भाजपा के विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए हैं।
बैठक का प्रमुख एजेंडा प्रदेश में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और जनप्रतिनिधियों के प्रदर्शन का आकलन है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विधायकों के कार्यों से संबंधित रिपोर्ट कार्ड भी रखा जा रहा है, जिसके माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों, जनता से संवाद, संगठन के साथ समन्वय और जनसमस्याओं के समाधान जैसे विषयों की समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ ही भाजपा आगामी चुनावों को लेकर भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है। पार्टी नेताओं के बीच इस बात पर विशेष चर्चा की जा रही है कि किस प्रकार सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचा जाए।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच को और व्यापक बनाने पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति पर जोर दे रहा है।
हल्द्वानी में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक को भाजपा की आगामी राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व जहां एक ओर मौजूदा जनप्रतिनिधियों के कामकाज की समीक्षा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर चुनावी मैदान में जनता के बीच जाने के लिए नई रणनीति और संगठनात्मक रोडमैप तैयार किया जा रहा है।




