आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर
लालकुआं। बाल विकास परियोजना विभाग उत्तराखंड द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुंदर सिंह लोटनी ने किया। इस दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुंदर सिंह लोटनी ने कहा कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण सुधार के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से सरकार की योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, शिशुओं और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका सरनजीत कौर ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य उद्देश्य समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विशेष रूप से स्तनपान करने वाले शिशुओं, आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए इस अभियान के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देना भी पोषण माह का महत्वपूर्ण उद्देश्य है, ताकि वे अपने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित सुविधाओं का पूरा लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों से अनेक प्रकार के व्यंजन तैयार किए। नगर पंचायत अध्यक्ष सुंदर सिंह लोटनी ने इन पौष्टिक व्यंजनों का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।




