नैनीताल पंत पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया 

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित तौर पर मंच या स्थल के शुद्धिकरण को लेकर छिड़ा राजनीतिक विवाद अब नैनीताल भी पहुंच गया है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मल्लीताल स्थित पंत पार्क में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनके पुतले फूंके।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद भाजपा नेताओं ने कोतवाली पहुंचकर राहुल गांधी के खिलाफ तहरीर देते हुए मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी द्वारा हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं। भाजपा का कहना है कि जिस धार्मिक अनुष्ठान को कांग्रेस नेताओं ने कथित तौर पर शुद्धिकरण से जोड़कर दलितों के अपमान का मुद्दा बनाया, उसका भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी का रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाला स्थल है, जहां समय-समय पर विभिन्न धार्मिक आयोजन और अनुष्ठान होते रहते हैं। पार्टी का दावा है कि कांग्रेस की जनसभा के बाद वहां किसी राजनीतिक उद्देश्य से मंच का शुद्धिकरण नहीं किया गया था, बल्कि संबंधित कार्यक्रम को धार्मिक अनुष्ठान के रूप में देखा जाना चाहिए।

भाजपा नेता अरविंद पडियार ने कहा कि हाल ही में हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित हुई थी। जनसभा के बाद कांग्रेस की ओर से भाजपा पर आरोप लगाए गए कि जिस स्थान पर कांग्रेस की सभा हुई थी, उसका शुद्धिकरण कराया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप बिना किसी ठोस तथ्य और प्रमाण के लगाए गए हैं।

अरविंद पडियार ने कहा कि रामलीला मैदान हल्द्वानी का एक ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है, जहां पहले से ही धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। ऐसे में किसी धार्मिक अनुष्ठान को कथित शुद्धिकरण बताकर भाजपा से जोड़ना गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा इस मामले को जिस तरह से दलित समाज के अपमान से जोड़ा गया, उससे गलत संदेश फैलाने का प्रयास किया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस नेताओं ने स्वयं दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज को राजनीतिक रूप से बांटने का प्रयास किया है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जाए और यदि राहुल गांधी व अन्य कांग्रेस नेताओं द्वारा गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

मल्लीताल पंत पार्क में पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भगवानपुर रोड पर पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा, सड़क निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.