भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में लंबे समय से जर्जर स्थिति में पहुंच चुके बसौंटिया पुल के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है।

हैड़ाखान से खनस्यूं-पतलोट मोटर मार्ग पर चमोली के पास स्थित इस महत्वपूर्ण पुल के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए शासन से 61 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करा दी गई है। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जल्द ही पुल के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया जाएगा।

बताया गया कि बसौंटिया पुल क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है। पुल में लगे लोहे पर लगातार जंग लगने के कारण इसकी स्थिति कमजोर होती जा रही थी। ऐसे में पुल से गुजरने वाले भारी वाहनों के साथ ही अन्य वाहनों की आवाजाही को लेकर भी लगातार खतरा बना हुआ था। ग्रामीण लंबे समय से पुल की मरम्मत और जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे।

क्षेत्रीय लोगों ने अपनी समस्या मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखते हुए पुल के पुनर्निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या और पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने शासन स्तर पर कार्रवाई कर पुल के जीर्णोद्धार के लिए 61 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पुल क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पुल का जीर्णोद्धार होने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी तथा ग्रामीणों को परिवहन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाए, ताकि दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सके और स्थानीय लोगों को राहत मिले।

इस दौरान ग्रामीणों ने पुल के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि स्वीकृत कराए जाने पर मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने गांवों में पहुंचे मंत्री कैड़ा

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्युड़ा, बड़े़त, भनपोखा, पतलोट और खनस्यूं सहित विभिन्न गांवों का दौरा भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने ग्रामीणों को किया वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूक, डिजिटल बैंकिंग और साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.