ब्रेकिंग न्यूज़

पुस्तैनी जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष: भाई पर राजू यादव की हत्या का आरोप, वारदात के बाद फरार

ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में खेत की ओर जाते समय हुआ विवाद, हमले में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत; पुलिस आरोपी भाई की तलाश में जुटी

ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में पुस्तैनी जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात जमीन के विवाद में एक भाई पर दूसरे भाई की कथित रूप से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना में 40 वर्षीय राजू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी भाई की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

खेत की ओर जाते समय भाई से हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के अलीनगर निवासी 40 वर्षीय राजू यादव पुत्र खिमानी सिंह बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी क्षेत्र में छोई रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बने फार्म हाउस में श्रमिक के रूप में काम करता था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात राजू खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुस्तैनी जमीन को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान उसके भाई ने किसी वस्तु से राजू पर हमला कर दिया। हमले में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी स्वप्न किशोर सिंह और बाजपुर कोतवाल नरेश चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने खेत के कच्चे रास्ते से शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

देर रात तक पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद रही। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी भाई की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुस्तैनी जमीन का विवाद बना हत्या की वजह!

कोतवाल नरेश चौहान के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पुस्तैनी जमीन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस आरोपी भाई की तलाश में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा देवी महोत्सव की भीड़ में परिजनों से बिछड़ा 4 वर्षीय बच्चा, नैनीताल पुलिस ने कुछ ही देर में सकुशल खोज निकाला
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.