ब्रेकिंग न्यूज़

पिथौरागढ़। मुनस्यारी घूमने जा रहे चार दोस्तों की कार रविवार को बंगापानी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार उत्सव बारातघर पिथौरागढ़ निवासी आयुष पंत, दौला निवासी अंकित पांडेय, जीआईसी क्षेत्र पिथौरागढ़ निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी (जो आर्मी मेडिकल कोर फिरोजपुर, पंजाब में तैनात थे) और सीमांत नेत्र चिकित्सालय पिथौरागढ़ में कार्यरत देवेंद्र भट्ट रविवार सुबह करीब पांच बजे इनोवा कार (DL 3C CN-3785) से मुनस्यारी के लिए रवाना हुए थे।

चारों दोस्त जौलजीबी–मदकोट मार्ग से मुनस्यारी जा रहे थे। सुबह करीब 11:20 बजे बंगापानी से पहले उमरगड़ा के पास एन-बैंड में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

सामने पहाड़ी पर बकरी चरा रहे लोगों ने हादसा होते देखा और तुरंत बंगापानी के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वाहन के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना पर तहसीलदार दमनशेखर राणा, नायब तहसीलदार चंद्रपाल सिंह और जौलजीबी थानाध्यक्ष प्रदीप यादव भी मौके पर पहुंचे।

हादसे में अंकित पांडेय (27) पुत्र बसंत पांडेय निवासी दौला पिथौरागढ़ और लक्ष्मण सिंह नेगी (30) पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातौली मुनस्यारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आयुष पंत (32) पुत्र नरेंद्र पंत ने जिला अस्पताल ले जाते समय अस्कोट के पास दम तोड़ दिया।

वहीं देवेंद्र भट्ट (27) पुत्र स्व. परमानंद भट्ट का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल: 18 सितंबर, 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.