ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को रेलवे स्टेशन टनकपुर से टनकपुर-देहरादून साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रेन संचालन के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताते हुए इसे एक स्वप्न का पूरा होना भी बताया। उत्तराखंड में पहाड़ तक ट्रेन पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी से पहले बने टनकपुर रेलवे स्टेशन से देहरादून के लिए यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन संचालित हुई है। टनकपुर एक्सप्रेस के संचालन में टनकपुर से देहरादून तक अनेक महत्वपूर्ण शहरों को सीधे जोड़ा गया है जिससे लोगों को सुविधा होगी।

इस एक्सप्रेस के माध्यम से बनबसा, खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, चंदोसी, मुरादाबाद, नजीबाबाद, लक्सर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन से जुड़े लोगों को यात्रा करने का आसानी से विकल्प भी मिलेगा और उनका समय भी बचेगा।

इसके साथ ही यह ट्रेन सेवा इन शहरों से मां पूर्णागिरी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात का एक बेहतर विकल्प भी बनेगी।

मुख्यमंत्री ने स्वयं भी ट्रेन से टनकपुर से खटीमा तक की यात्रा की और ट्रेन में यात्रियों से मुलाकात कर उनका फीडबैक लिया एवं सभी को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रही है। पिछले 10 वर्षों में भारतीय रेलवे को नए भारत की आकांक्षाओं और आत्मनिर्भर भारत की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

2014 के बाद से भारतीय रेल एक नए रूप में हमारे सम्मुख है। आज भारतीय रेलवे की रफ्तार भी पहले से कहीं अधिक बढ़ चुकी है। आत्मनिर्भरता और आधुनिकता के प्रतीक चिन्ह के रूप में वंदे भारत जैसी मेड इन इंडिया ट्रेनें रेल नेटवर्क का हिस्सा बन रही हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 22 सितम्बर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.