ब्रेकिंग न्यूज़

साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को पहुंची टीम पर हमला, म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की ठगी का नेटवर्क सक्रिय

ऊधमसिंह नगर। दिनेशपुर क्षेत्र में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिस टीम भी उनके निशाने पर आ रही है। साइबर ठगी के मामले में दबिश देने पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम पर आरोपितों ने हमला कर दिया और एएसआई को कार से कुचलने का प्रयास किया। एएसआई करीब पांच किलोमीटर तक कार के बोनट पर लटके रहे, जिसके बाद आरोपित उन्हें सड़क पर फेंककर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात हरियाणा के हांसी थाने में तैनात एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ दिनेशपुर थाने पहुंचे थे। यहां आमद दर्ज कराने के बाद टीम साइबर अपराध में संलिप्त उदयनगर निवासी भारत सिंह को गिरफ्तार करने गांव पहुंची।

पुलिस टीम ने जब भारत सिंह को थाने चलने के लिए कहा तो वह और उसके साथी पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े। इसके बाद आरोपित कार में बैठकर भागने लगे। इसी दौरान एएसआई प्रेम कुमार कार के बोनट पर चढ़ गए, लेकिन आरोपितों ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में फरार हो गए।

दिनेशपुर थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपित करीब पांच किलोमीटर दूर बसंतपुर तक एएसआई को बोनट पर लटकाए ले गए। बाद में उन्हें सड़क पर फेंककर फरार हो गए, जिससे एएसआई घायल हो गए।

हरियाणा पुलिस की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है और फरार आरोपितों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि साइबर ठग ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले एक महीने में जिले में म्यूल खातों से जुड़े पांच मुकदे दर्ज किए गए हैं, जबकि 800 से अधिक संदिग्ध खातों की जांच चल रही है।

पुलिस के अनुसार दिनेशपुर थाना क्षेत्र के कई गांव साइबर अपराधियों का नया ठिकाना बनते जा रहे हैं। बीते तीन महीनों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और कोलकाता की पुलिस यहां दबिश देकर 12 से अधिक युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है। मोहनपुर, सुंदरपुर, विजयनगर और धर्मनगर जैसे गांवों में साइबर ठगी और म्यूल खातों के नेटवर्क की जांच लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी तहसील में SIR आपत्ति की सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.