ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल। विकास भवन भीमताल सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली।

इस दौरान उन्होंने वित्तीय वर्ष के समापन से पहले विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को भविष्य में भी निर्धारित समय पर विकास कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर विकास कार्यों को पूर्ण कर शतप्रतिशत धनराशि खर्च करना एक अच्छी परंपरा है। सभी विभाग इस परंपरा को आगे भी कायम रखें, जिससे जिले का विकास तेज़ी से हो और आम जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि जो विभाग वर्तमान में ‘ए’ श्रेणी में हैं, वे वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक अपनी स्थिति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में केवल 15 दिन शेष हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि जनपद किसी भी योजना में पीछे न रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जिला योजना के अंतर्गत 99 प्रतिशत धनराशि विभागों द्वारा व्यय कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पहले 31 मार्च तक धनराशि खर्च करने की परंपरा को तोड़कर विभागों ने बेहतर योजना के साथ कार्य किया है, जो सराहनीय है। शेष चार विभागों को भी बुधवार तक अवशेष धनराशि खर्च करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएम ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना के लिए अभी से प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग जनहित से जुड़े और वचनबद्ध कार्यों को प्राथमिकता दें, ताकि जिले के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास हो सके।

गर्मी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने पेयजल एवं सिंचाई विभाग को अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पेयजल संकट की संभावना है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था, टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति तथा पाइपलाइन लीकेज को समय रहते ठीक किया जाए।

इसके अलावा सिंचाई विभाग को खरीफ की बुवाई के लिए समुचित सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं कृषि, उद्यान और वन विभाग को अगले वित्तीय वर्ष की जिला योजना में किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए चेन फेंसिंग और तार बाड़ के अधिक से अधिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, सीएमओ डॉ. हरीश पंत, अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप, गले पर तार के निशान मिलने से हत्या की आशंका

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.