नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग के शोध छात्र डॉ. तनय बर्मन का चयन भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय, नई दिल्ली के नेशनल मिशन ऑन हिमालयन स्टडीज (NMHS) PMU में साइंटिफिक कंसल्टेंट-2 पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से कुमाऊं विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
डॉ. तनय बर्मन ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित वनस्पति विज्ञान विभाग से अपनी पीएचडी पूर्ण की। उन्होंने जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान (GBPNIHE), कुल्लू के पूर्व निदेशक डॉ. एस.एस. सामंत तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. ललित तिवारी के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूरा किया।
डॉ. तनय बर्मन का शोध कार्य वनस्पति विज्ञान एवं हिमालयी जैव विविधता से जुड़े विषयों पर केंद्रित रहा है। उनके नाम 35 शोध पत्र और तीन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उनका चयन भारत सरकार के महत्वपूर्ण पर्यावरण एवं हिमालयी अध्ययन से जुड़े संस्थागत कार्यों में हुआ है।
डॉ. बर्मन इससे पूर्व एचएफआरआई, शिमला (HFRI) तथा आईसीएफआरआई, देहरादून (ICFRE) में पोस्ट डॉक्टोरल फेलो (PDF) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में शोध अनुभव के बाद भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के अंतर्गत वैज्ञानिक कंसल्टेंट के रूप में उनका चयन उनके अकादमिक एवं शोध करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उनकी सफलता पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. संजय पंत, चीफ प्रॉक्टर प्रो. हरीश बिष्ट, कूटा परिवार सहित एलुमनी सेल के डॉ. बी.एस. कालाकोटी, डॉ. जी.के. जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना पांडे और डॉ. भुवन आर्य ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि डॉ. तनय बर्मन की उपलब्धि विश्वविद्यालय के शोधार्थियों के लिए प्रेरणादायी है और इससे कुमाऊं विश्वविद्यालय की शोध एवं अकादमिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

