ब्रेकिंग न्यूज़

नाली की सफाई और इसे चौड़ा करने के दौरान भू-धंसाव,मलबे में दबने से पिता-पुत्र की मौत

बागेश्वर। मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। राजस्व पुलिस क्षेत्र जखेड़ा में घर के पीछे की नाली की सफाई और इसे चौड़ा करने के दौरान भू-धंसाव हो गया। इसके मलबे में दबने से पिता-पुत्र की मौत हो गई।
तीन अन्य श्रमिक मलबे में दबने से बाल-बाल बच गए। राजस्व पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार लाहुरघाटी के कालारौ-बैगांव निवासी प्रेम सिंह (50) पुत्र लाल सिंह अपने मकान के पीछे की नाली की सफाई करवा रहे थे। उनके साथ उनका पुत्र दर्शन सिंह (23) और तीन अन्य लोग गोपाल प्रसाद पुत्र बिशन राम, विनोद कुमार पुत्र हिम्मत राम, पान सिंह पुत्र जेठा सिंह भी कार्य कर रहे थे।

नाली की सफाई के दौरान चौड़ीकरण के लिए पीछे की दीवार की खोदाई चल रही थी। इसी दौरान दीवार से एकाएक भू-धंसाव होने लगा। अचानक गिरे मलबे में प्रेम सिंह और उनका पुत्र दर्शन सिंह दब गए। नाली साफ करने में लगे तीन अन्य श्रमिकों ने भागकर जान बचाई।
हादसे में बच गए श्रमिकों और आसपास के लोगों ने मिट्टी और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
ग्राम प्रधान चंपा हुलोरिया ने घटना की सूचना पटवारी जखेड़ा युवराज गोस्वामी को दी। ग्रामीण मलबे में दबे पिता-पुत्र को जिला चिकित्सालय बागेश्वर ले गए। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

कालारौ बैगांव निवासी कैलाश हुलोरिया ने बताया कि प्रेम सिंह जखेड़ा बागेश्वर पेयजल योजना में काम करता था।

जखेड़ा की ग्राम प्रधान हेमा परिहार, पूर्व ग्राम प्रधान ईश्वर परिहार, प्रेमा परिहार, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा मद से आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 29 अगस्त 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.