नैनीताल। बेतालघाट में हुए गोलीकांड का मामला तूल पकड़ गया है। घटना में शामिल छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को सौंपी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर लाठी- डंडों व गंडासे से हमला किया तथा हमारे पक्ष के बीडीसी सदस्यों को जान से मार डालने की धमकी दी।

बेतालघाट में ब्लाक प्रमुख चुनाव के दिन ब्लाक परिसर के बाहर हुए गोलीकांड से दहशत फैल गई। प्रमुख पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जमकर बबाल हुआ। पुलिस के समय पर हरकत में आने से बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि एक पक्ष में शामिल महेंद्र सिंह के पैर में गोलियां लगीं। हल्द्वानी के निजी अस्पताल में आपरेशन के बाद गोलियां निकाली जा सकीं।

घटना के बाद एक पक्ष से मिली तहरीर के बाद पुलिस ने रामनगर व बिंदुखत्ता निवासी छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अब दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग उठाई है। तहरीर देकर बताया है कि खैरना व आसपास के क्षेत्र से पहुंचे पचास-साठ हथियारबंद लोगों ने पहले हमला बोला। फायरिंग कर दहशत फैलाई।

कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए। आरोप लगाया कि हथियारों से लैस लोगों ने हमारे कार्यकर्ताओं के साथ जमकर मारपीट की। मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीस अहमद के अनुसार तहरीर के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विवेचना की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में मिठाई की दुकानों पर 26 अक्टूबर से नया नियम लागू, हर ट्रे पर लिखनी होगी निर्माण और ‘यूज बाय’ डेट
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.