ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल। भीमताल विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों में पिछले दो महीनों से रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार और संबंधित विभागों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से धारी ब्लॉक के पदमपुरी से लेकर दुदुली तक करीब 50 दिनों से गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। होटल और ढाबा संचालकों का कारोबार बुरी तरह ठप पड़ गया है, वहीं ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या भी अस्त-व्यस्त हो चुकी है।

मनोज शर्मा ने कहा कि एक ओर जहां क्षेत्र में बाघ के आतंक के चलते ग्रामीणों को पशुओं के लिए चारा जुटाने में कठिनाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर गैस जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव स्थिति को और गंभीर बना रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग के नाम पर जानबूझकर तकनीकी समस्याएं खड़ी की जा रही हैं, जिससे लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। संकट के समय राहत देने के बजाय लोगों को तकनीकी उलझनों में फंसाना सरकार की विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि लंबी दूरी वाले रूटों के लिए विभाग को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय खानापूर्ति के तौर पर एक गाड़ी में कुछ सिलेंडर भेजकर सप्लाई को सामान्य बताना जनता को गुमराह करना है।

मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही रूट के अनुसार नियमित गाड़ियां भेजने और बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने की बात कही है। इस पर अधिकारियों ने उनकी मांगों को व्यवहारिक मानते हुए जल्द आपूर्ति सुचारू करने और बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने का आश्वासन दिया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा देवी महोत्सव में सेवा और सामुदायिकता की मिसाल, श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे स्वयंसेवक

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.