दक्षिण सूडान के बी.फार्मा छात्र ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में दिखाया हुनर, नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में हुआ सम्मानित

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर के एक अंतरराष्ट्रीय छात्र ने अपनी प्रतिभा और अकादमिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय के साथ ही उत्तराखंड का नाम भी रोशन किया है। दक्षिण सूडान के रहने वाले और विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी.फार्मा) के सातवें सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र वास्को डागामा कैलिस्टो मोंड्री ने इंडिया इंटरनेशनल फोरम ऑन माइन एक्शन एंड सेफ्टी (IIFOMAS) की वार्षिक संगोष्ठी 2026 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तर की निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप स्थान हासिल किया है।

यह प्रतियोगिता होराइजन सेफर वर्ल्ड फाउंडेशन की ओर से आयोजित की गई थी। इसका विषय ‘माइन एक्शन: राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर संघर्षोत्तर पुनर्वास के लिए प्रयास’ रखा गया था। प्रतियोगिता में वास्को ने ‘बिटवीन वल्नरेबिलिटी एंड वैनगार्ड: वैश्विक माइन एक्शन में भारत की दोहरी भूमिका’ शीर्षक से अपना प्रभावशाली निबंध प्रस्तुत किया। उनके निबंध में बारूदी सुरंगों और बिना विस्फोट हुए आयुधों से पैदा होने वाले गंभीर खतरों, प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा तथा संघर्ष के बाद समुदायों के पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विस्तार से उठाया गया।

इस उपलब्धि के लिए वास्को को 5 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर के अशोक हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। यह समारोह IIFOMAS की वार्षिक संगोष्ठी 2026 का हिस्सा था, जिसकी मुख्य थीम ‘माइन एक्शन: वैश्विक जिम्मेदारी और भारत का दृष्टिकोण’ रही।

संगोष्ठी में रक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, राजनयिकों, शिक्षाविदों और विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वैश्विक स्तर पर बारूदी सुरंगों से उत्पन्न चुनौतियों, उनके प्रभावी समाधान, संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय सहायता और नागरिकों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। विभिन्न सत्रों में शामिल होकर वास्को को माइन एक्शन के क्षेत्र में भारत के योगदान, अंतरराष्ट्रीय प्रयासों और प्रभावित समुदायों के पुनर्वास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से समझने का अवसर भी मिला।

छात्र की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने वास्को की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न अकादमिक और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच मिल सके।

वहीं, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर के निदेशक ने भी वास्को की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अन्य विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर नए विषयों को समझने, अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

वास्को डागामा कैलिस्टो मोंड्री की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान कर रहा है। एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर महत्वपूर्ण मानवीय विषय पर अपनी विचारशीलता का परिचय देकर वास्को ने विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

यह भी पढ़ें :  पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात, खलिया टॉप भी बर्फ से ढका; बागेश्वर में बढ़ी ठंड

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.