पहाड़ के मर्म पर बनी पायर यानि चिता फ़िल्म का नैनीताल में लगी फिल्म देखकर दर्शन हुए भावुक
कैपिटल सिनेमा हॉल हुआ हाउसफुल, नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने दर्शकों को मुफ्त दिखाई फिल्म, पलायन और बुजुर्गों की पीड़ा ने झकझोरा
रिपोर्टर – गुड़डू सिंह ठठोला
नैनीताल। पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन, खाली होते गांवों और अपनों की राह ताकते बुजुर्गों के दर्द को पर्दे पर उतारने वाली फिल्म ‘पायर (चिता)’ का नैनीताल में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। पहली बार शहर के कैपिटल सिनेमा हॉल में प्रदर्शित हुई इस फिल्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। फिल्म के प्रति लोगों का उत्साह ऐसा रहा कि सिनेमा हॉल पूरी तरह हाउसफुल नजर आया। फिल्म देखते समय दर्शक खुद को इसकी कहानी से जोड़ते दिखाई दिए। कई भावुक दृश्यों पर लोगों की आंखें नम हो गईं, वहीं कुछ दर्शक अपने आंसू नहीं रोक पाए।
इस खास आयोजन की पहल नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने की। उन्होंने फिल्म के सभी टिकट स्वयं खरीदकर नैनीताल के लोगों को मुफ्त में फिल्म दिखाई। राम लाल ब्रदर्स फर्म के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रायोजित इस आयोजन का उद्देश्य पहाड़ की ज्वलंत समस्या पलायन और उसके कारण खाली होते गांवों की वास्तविक स्थिति को समाज के सामने लाना रहा।
फिल्म के प्रदर्शन के दौरान सिनेमा हॉल में ऐसा सन्नाटा पसरा रहा कि दर्शक पूरी तन्मयता से कहानी में डूबे नजर आए। फिल्म के इंटरवल और समापन पर पुनीत टंडन ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि पहाड़ों से युवाओं का पलायन एक बीमारी की तरह बनता जा रहा है। इसे रोकने के लिए युवाओं को अपने ही क्षेत्रों में पर्यटन और स्वरोजगार के नए आयाम तलाशने होंगे, ताकि पहाड़ों में रोजगार के अवसर पैदा हों और गांव फिर से आबाद हो सकें।
फिल्म की कहानी में पदम सिंह अपनी पत्नी के जीवन में उम्मीद बनाए रखने के लिए डाकिये के माध्यम से चिट्ठियों का सहारा लेता है। इन चिट्ठियों के जरिए वह पत्नी को अपने बेटे के लौटने की आस दिलाता रहता है। जबकि सच्चाई यह होती है कि उनका बेटा कई साल पहले ही दुनिया छोड़ चुका है। पत्नी तुलसी देवी को जब इस हकीकत का पता चलता है तो कहानी बेहद भावुक मोड़ ले लेती है।
फिल्म का अंतिम दृश्य दर्शकों के दिलों को गहराई तक छू गया। पहाड़ के गांवों में अकेले रह गए बुजुर्गों का इंतजार, उनकी तन्हाई और अपनों से बिछड़ने का दर्द देखकर कई दर्शक फफक-फफक कर रो पड़े। फिल्म ने यह सवाल भी खड़ा किया कि विकास और रोजगार की तलाश में शहरों की ओर जा रहे लोगों के पीछे गांवों में छूट रहे माता-पिता आखिर किसके सहारे जीवन गुजार रहे हैं।
फिल्म ने दिया पहाड़ों को बचाने का संदेश
फिल्म ‘पायर’ ने केवल पलायन की समस्या को नहीं दिखाया, बल्कि पहाड़ के गांवों को फिर से आबाद करने और रिवर्स पलायन की जरूरत पर भी ध्यान आकर्षित किया। फिल्म का संदेश है कि गांवों को बचाने के लिए वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, व्यापार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है।
फिल्म को कई फिल्म समारोहों में ऑडियंस अवार्ड, ग्रैंड ज्यूरी अवार्ड और बेस्ट डायरेक्टर जैसे सम्मान मिल चुके हैं। हिंदी और मलयालम भाषाओं में प्रदर्शित इस फिल्म ने नैनीताल के दर्शकों पर भी गहरी छाप छोड़ी।
इस मौके पर पुनीत टंडन ने सरकार से अपील की कि पहाड़ की सामाजिक और सांस्कृतिक वास्तविकता को सामने लाने वाली ऐसी फिल्मों को टैक्स फ्री किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग इन्हें देख सकें और पलायन जैसी गंभीर समस्या पर समाज में व्यापक चर्चा हो सके।
फिल्म देखने पहुंचे लोगों में आलोक साह, गीता साह, विक्रम स्याल, इदरीश मलिक, दिनेश राणा, डॉ. मनोज बिष्ट, मंजू बिष्ट, जीबी बिष्ट, अखिल साह, अनुपमा साह, सुमित खन्ना, निधि राणा, संदीप राणा, प्रशांत, शिखा, नीरज, डॉ. संतोक, सागर, धर्मेंद्र शर्मा, विनोद दुआ और साक्षी दुआ सहित बड़ी संख्या में युवा एवं बच्चे मौजूद रहे।
कुल मिलाकर ‘पायर’ का प्रदर्शन नैनीताल के लोगों के लिए महज एक फिल्म देखना नहीं, बल्कि अपने पहाड़, अपने गांव और उन बुजुर्ग माता-पिता के दर्द को महसूस करने का अवसर बन गया, जो आज भी अपने घरों के दरवाजे पर अपनों की वापसी की राह देख रहे हैं।
























