गोरापड़ाव डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, 02 और शातिर अभियुक्त गिरफ्तार।

2 तमंचे, 04 जिंदा कारतूस, 01 वरना कार और ₹1,40,000 की लूटी गई नकदी बरामद
10 हथियारबंद बदमाशों ने ऑफिस/गैरेज में डाली थी डकैती, करीब 8 लाख रुपये, 12 मोबाइल और सोने की चेन-अंगूठियां लूटने का आरोप
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव-तीनपानी में 19 अगस्त को हुए डकैती कांड का पुलिस ने एक और अहम खुलासा किया है। मामले में फरार चल रहे दो और वांछित अभियुक्तों को पुलिस टीम ने 27 अगस्त को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी और वारदात में प्रयुक्त वरना कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस डकैती में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।
10 हथियारबंद बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया और कोतवाली हल्द्वानी से पुलिस बल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटना के संबंध में वादी नारायण दास पुत्र रोशन लाल, निवासी अंबा बिहार, तीनपानी, हल्द्वानी ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने Kiy शोरूम के पीछे स्थित उनके ऑफिस/गैरेज में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने वादी और उनके परिचितों से करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान लूट लिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु0अ0सं0 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत 10 अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।
एसएसपी ने गठित की करीब 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया और डकैती का जल्द खुलासा करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 50 अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की।
टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी समेत विभिन्न थाना प्रभारी, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञों को शामिल किया गया। इसके साथ ही BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल की गहन जांच कराई गई।
एसएसपी नैनीताल ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी लेने के साथ पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क सौंपे।
CCTV और सर्विलांस से खुलते गए डकैती के राज
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल इंटेलिजेंस और सुरागरसी-पतारसी के जरिए संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच के दौरान यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक के नाम प्रकाश में आए, जिन्हें पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
वहीं, अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी दबिश के लिए रवाना किया गया।
हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दबोचे गए दो आरोपी
लगातार चल रही जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर दो अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27 वर्ष), निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश और गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी (26 वर्ष), निवासी नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
आरोपियों के कब्जे से क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साहब सिंह उर्फ साबी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 89,700 रुपये की लूटी गई नकदी और वरना कार संख्या UK-08-7517 बरामद की गई।
वहीं, दूसरे आरोपी गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 50,300 रुपये की लूटी गई नकदी बरामद हुई।
इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 1,40,000 रुपये की लूटी गई नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद हुई है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है।
साहब सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साहब सिंह उर्फ साबी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास, आगजनी, धमकी समेत आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
वहीं गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ थाना नानकमत्ता में वर्ष 2023 में विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गोरापड़ाव डकैती कांड में पुलिस द्वारा अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस टीम को एसएसपी ने किया पुरस्कृत
डकैती जैसे गंभीर मामले का तेजी से खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : स्थाई राजधानी गैरसैंण की मांग को लेकर बुद्ध पार्क में अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू अनशन में बैठे

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.