ब्रेकिंग न्यूज़

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की बढ़ी मुश्किलें, देहरादून में छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से गालियां देने पर अश्लीलता के आरोप में मुकदमा दर्ज

देहरादून।  डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज हुआ है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 11 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में गायक ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं, बच्चों और आम लोगों के सामने बार-बार मां-बहन की गालियां और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।

शिकायत के अनुसार, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे उत्तराखंड समेत देशभर में आक्रोश का माहौल है। यह घटना एक शैक्षणिक परिसर में हुई, जिससे कॉलेज और शहर की छवि को नुकसान पहुंचा है।

मामले में प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य/गीत) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ थाना घेराव और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, गायक का मंच से गाली-गलौज का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर देहरादून ही नहीं बल्कि पूरे देश में लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने संभाला कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार, शिक्षकों-कर्मचारियों ने किया भव्य स्वागत
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.