कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात आपदा मद से धनराशि स्वीकृति करने की मांग
ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग
देहरादून/भीमताल। विगत दिनों हुई भारी वर्षा के चलते भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में व्यापक नुकसान हुआ है। आपदा से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में बारिश और आपदा से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी।
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अनेक घरों के आगे और पीछे भूस्खलन होने से मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रभावित परिवारों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पेयजल लाइनें और विद्युत लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिसके चलते ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि तेज बारिश के कारण नदी-नालों के उफान और कटाव से किसानों की कृषि भूमि भी बह गई है। वहीं, विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामीण मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त अथवा ध्वस्त हो गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। सड़क संपर्क बाधित होने से लोगों को दैनिक जरूरतों के साथ-साथ आपात स्थिति में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
भीमताल खुटानी नाले के उफान से दुकानों में घुसा पानी और मलबा
कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को भीमताल नगर क्षेत्र में हुई स्थिति से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भीमताल खुटानी नाले के उफान के कारण पानी और भारी मलबा दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। अचानक आई इस स्थिति के कारण स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंत्री ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि आपदा के दौरान भीमताल क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु हुई है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आपदा मद से धनराशि स्वीकृत करने की मांग
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भारी वर्षा और आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र स्थलीय आकलन कराया जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त कराने तथा आवश्यक कार्यों के लिए आपदा मद से पर्याप्त धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
कैड़ा ने कहा कि आपदा प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित विभागों को तेजी से राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सामान्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।










