ब्रेकिंग न्यूज़

काठगोदाम में रोडवेज बस ने स्कूटी सवार पर्यटकों को रौंदा, कैंची धाम जा रहे थे दोनों युवक

हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही रोडवेज बस ने स्कूटी सवार दो पर्यटकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और दोनों युवक बस व डिवाइडर के बीच फंस गए।

जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के निवासी अंकित कुमार और रमेश गुप्ता ने स्कूटी किराये पर ली थी और कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस गलत दिशा से नैनीताल रोड पर आ रही थी। इसी दौरान बस ने काठगोदाम से रानीबाग की ओर जा रहे स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बस और डिवाइडर के बीच से बाहर निकाला।

हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्कूटी चला रहे अंकित को हल्की चोटें आई हैं, जबकि पीछे बैठे रमेश गुप्ता को गंभीर चोटें आईं। दोनों को नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ में चालक ने दावा किया कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस ने बस की तकनीकी जांच के लिए रोडवेज अधिकारियों से संपर्क किया है।

फिलहाल घायल पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  विश्वशांति की कामना के साथ नन्दा देवी महोत्सव में हुआ विशेष हवन-पूजन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.