कोटाबाग विकासखण्ड के डॉन परेवा में अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी। कोटाबाग विकासखंड के नैनीताल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डॉन परेवा ग्राम पंचायत में अमर शहीद दीवान सिंह बिष्ट और क्षेत्र के 14 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में विशाल “अमर शहीद एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट तथा विशिष्ट अतिथि नैनीताल विधायक सरिता आर्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिवारजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने कहा कि अमर शहीद दीवान सिंह बिष्ट ने देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका त्याग और साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को क्षेत्रवासी और देशवासी कभी नहीं भूल सकते।

सांसद ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान शहादत देने वाले क्षेत्र के सभी 14 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे हजारों स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का संघर्ष, त्याग और बलिदान है। ऐसे वीरों की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को केवल स्मृति कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि युवाओं को उनके जीवन, संघर्ष और देशभक्ति से परिचित कराया जाना चाहिए। उनके आदर्शों को अपनाकर ही हम उनके बलिदान का सही सम्मान कर सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्य ने भी शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि क्षेत्र के वीर सपूतों की शहादत हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान करना उनके त्याग और संघर्ष के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।

समारोह में क्षेत्र के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति की भावना से माहौल भावुक और गौरवपूर्ण बना रहा। वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद दीवान सिंह बिष्ट समेत क्षेत्र के सभी 14 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का बलिदान इतिहास के पन्नों में सदैव अमर रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल, 07 अक्टूबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.