हल्द्वानी। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को रोटरी क्लब हल्द्वानी एवं ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का आयोजन ब्रह्माकुमारीज लोहरियासाल मल्ला, हल्द्वानी में किया गया। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।

रक्तदान महाअभियान में रक्तदान के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कुल 155 महादानियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर रक्तदान के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि मेडिकल परीक्षण के दौरान 40 लोग रक्तदान के लिए उपयुक्त नहीं पाए गए। इसके बावजूद अभियान में 115 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर गजराज सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरम्वाल, उत्तराखंड गौ सेवा संगठन के संस्थापक पंकज कुलौरा एडवोकेट, ब्रह्माकुमारीज की दीपा दीदी, रोटरी क्लब हल्द्वानी के अध्यक्ष आशीष दुम्का, सचिव उदय भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा तथा डॉ. राहुल गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

अभियान के दौरान रक्तदान करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती रही। महादानियों की भीड़ इतनी अधिक रही कि कई बार लोगों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा। दोपहर बाद हुई तेज बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश के बावजूद लोग रक्तदान स्थल पर पहुंचते रहे और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान करने का संकल्प दोहराया।

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवता की सेवा का भी महत्वपूर्ण कार्य है। नियमित रक्तदान से अस्पतालों में दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसव तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के संयोजक बृज मोहन मेहता तथा सह संयोजक संजय त्यागी रहे। आयोजन को सफल बनाने में रोटरी क्लब, ब्रह्माकुमारीज, चिकित्सकों, ब्लड बैंक कर्मियों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. प्रविंद रौतेला, अनिल जोशी, सुनील जोशी, ब्रह्माकुमारीज से हेमंत फुलारा, पूजा दीदी, नीमा दीदी, रेडिएंट अस्पताल के न्यूरोसर्जन पुनीत गोयल, विपिन पांडे, विनोद कुमार कश्यप, एडवोकेट मनीष चंद, बाल किशन जोशी तथा ब्लड बैंक से प्रकाश मेहता और नितिन पांडेय सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 115 यूनिट रक्त का एकत्र होना समाज में बढ़ती सेवा भावना और मानवता के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। अभियान ने यह संदेश भी दिया कि एक व्यक्ति का रक्तदान किसी दूसरे जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में पीलिया से बीएससी छात्रा की मौत, दो अन्य बच्चे भी बीमार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.