ब्रेकिंग न्यूज़

भवाली (रामगढ़)। ग्राम पंचायत हरतोला में दिनदहाड़े हरे पेड़ों की अवैध कटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। इस घटना ने वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, हरतोला गांव में खरसू और बांज के तीन हरे पेड़ों को आरा मशीन से काट दिया गया। स्थानीय निवासी विशाल कौशल ने बताया कि ये पेड़ उन्होंने स्वयं लगाए थे, जिन्हें कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ के चलते काट दिया।

आरोप है कि यूपी 14 नंबर की चार गाड़ियों में सवार कुछ लोग मौके पर पहुंचे और महज 15 से 20 मिनट के भीतर पेड़ों को काटकर गिरा दिया। घटना दिनदहाड़े होने के बावजूद आरोपियों के हौसले बुलंद नजर आए।

विशाल कौशल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बाहरी लोग खुलेआम हरे पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

वहीं, वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में है और टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा देवी महोत्सव: एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा, लगातार पैदल गश्त और जागरूकता जारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.