ब्रेकिंग न्यूज़

12वीं की छात्रा की नृशंस हत्या, चचेरे भाई पर शक; दरांती से हमला कर अंगुलियां काटी

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र के ढालीपुर में 12वीं कक्षा की छात्रा की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

इस सनसनीखेज हत्या में मृतका के चचेरे भाई पर ही आरोप लगे हैं। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

29 जनवरी की रात ढालीपुर जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त करवाई, जिसकी पहचान मनीषा पुत्री आनंद सिंह, निवासी बोक्सा बस्ती देवीपुर के रूप में हुई। मनीषा के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और उसका चेहरा पत्थर से कुचला गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि मनीषा शाम के समय अपने चचेरे भाई सुरेंद्र उर्फ मांडू के साथ बाइक से दवा लेने के लिए निकली थी। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ।

मृतका के पिता ने सुरेंद्र के खिलाफ संदेह जताते हुए हत्या की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के पास से आरोपी की मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त दरांती भी बरामद की है।

पुलिस को जानकारी मिली है कि यह दरांती आरोपी ने घटना से दो दिन पहले ही खरीदी थी और वह इसे बाइक में ही रखकर घूम रहा था। आरोपी के परिजनों ने भी दरांती खरीदने की बात स्वीकार की है।

एसएसपी देहरादून अजय सिंह के अनुसार मनीषा पर दरांती के साथ-साथ पत्थर से भी हमला किया गया था। हमले में उसकी हाथों की अंगुलियां तक काट दी गई थीं। परिजनों से मिलने पहुंचे एसएसपी के सामने मृतका की मां फूट-फूट कर रो पड़ीं और आरोपी को कड़ी सजा की मांग की।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर बाइक के हैंडल पर खून के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन चाबी गिर जाने और अंधेरे के कारण वह बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना वाले दिन हरबर्टपुर-ढालीपुर-पौंटा रोड स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाने के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुरेंद्र अकसर मनीषा को बाजार ले जाया करता था। मनीषा का परिवार मजदूरी करता है और वह देवीपुर स्थित इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी।

उसे त्वचा संबंधी बीमारी थी, जिसकी दवा के लिए वह घर से निकली थी। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किसी डॉक्टर तक पहुंची भी थी या नहीं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें :  जयपुर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रियांशु का शानदार प्रदर्शन, आर्टिस्टिक सोलो ट्रेडिशनल इवेंट में हासिल किया प्रथम स्थान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.