ड्यूटी के दौरान हुई मारपीट में स्टेशन मास्टर घायल, दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। शहर में मारपीट और धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन (केएमओयू) के स्टेशन मास्टर पर ड्यूटी के दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में स्टेशन मास्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, हल्द्वानी निवासी सीमा ने बताया कि उनके पति रवि सनवाल कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं। 16 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे वह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और धारदार हथियार से भी वार किया।
हमले में रवि सनवाल को गंभीर चोटें आईं। उनके कान में चोट लगने के कारण अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने ईश्वरी दत्त और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब घटना के कारणों, हमले में शामिल लोगों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

