हल्द्वानी। रामपुर रोड पर सरगम सिनेमा के पास स्थित एक होटल के कमरे में 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।

ट्रांसपोर्ट नगर में करता था डेंटिंग-पेंटिंग का काम

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक टनकपुर रोड क्षेत्र का रहने वाला था और ट्रांसपोर्ट नगर में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। मंगलवार को वह रामपुर रोड स्थित होटल में अपनी महिला मित्र के साथ रुका हुआ था। होटल के कमरे में युवक की तबीयत बिगड़ने अथवा अचेत अवस्था में मिलने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

बीयर और दवाइयों के सेवन की बात आई सामने

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक और उसकी महिला मित्र ने होटल में बीयर का सेवन किया था। इसके अलावा युवक द्वारा सेक्सवर्धक दवाइयां लेने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, बीयर या किसी दवा के सेवन का युवक की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दोनों शादीशुदा, पारिवारिक विवाद की भी चर्चा

पुलिस के अनुसार, महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और युवक की पुरानी परिचित बताई जा रही है। दोनों शादीशुदा थे। युवक के तीन बच्चे और महिला के दो बच्चे हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों के आपसी मेल-जोल को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है, हालांकि फिलहाल किसी भी बात को युवक की मौत का कारण नहीं माना गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि होटल में युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और महिला मित्र से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में खरीदी जाएंगी आपदा किट, जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए तेज होगी जांच
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.