पत्नी की तलाश में गुजरात से हरियाणा और फिर हरिद्वार पहुंचा युवक

हरिद्वार।  बलिया निवासी एक युवक पत्नी की तलाश में हरिद्वार पहुंचा और शिवालिकनगर में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग थी कि पुलिस उसकी पत्नी को ढूंढकर उससे मिलवाए। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब सात घंटे तक युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जाते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। इस दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए उसकी पत्नी से बात भी कराई, मगर पत्नी ने उससे मिलने और साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। आखिरकार देर शाम अंधेरा होने पर डर के कारण युवक खुद ही नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे हिरासत में ले लिया।

पत्नी की तलाश में गुजरात से हरियाणा और फिर हरिद्वार पहुंचा युवक

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे शिवालिकनगर क्षेत्र में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत शुरू की।

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान विशाल राम निवासी ग्राम मिल्की, थाना बैरिया, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ चली गई है। वह पत्नी की तलाश में गुजरात से निकला था। पहले बागपत जिले के बढ़ौत पहुंचा और वहां तलाश करने के बाद हरिद्वार आ गया, लेकिन कई दिनों तक खोजबीन करने के बावजूद पत्नी का पता नहीं चल पाया।

पत्नी के नहीं मिलने से परेशान युवक ने शिवालिकनगर में मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। उसने पुलिस के सामने मांग रखी कि उसकी पत्नी को ढूंढकर उसके सामने लाया जाए।

मोबाइल पर पत्नी से कराई बात, लेकिन मिलने से किया इनकार

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने युवक से उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर लिया और फोन पर दोनों की बातचीत कराई। पुलिस को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद युवक शांत हो जाएगा और टावर से नीचे उतर आएगा। हालांकि, बातचीत के दौरान पत्नी ने युवक से मिलने और उसके साथ रहने से साफ इनकार कर दिया।

पत्नी के इनकार के बावजूद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिसकर्मियों ने उसे काफी समझाया और सुरक्षित नीचे आने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

बढ़ौत में भी टावर पर चढ़ चुका था युवक

पुलिस की पड़ताल में यह भी सामने आया कि विशाल अपनी पत्नी के साथ गुजरात में रह रहा था। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी कथित तौर पर प्रेमी के साथ वहां से चली गई। बाद में फोन पर बातचीत के दौरान विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी बागपत जिले के बढ़ौत में है।

इसके बाद वह पत्नी की तलाश में बढ़ौत पहुंचा, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद वह उसे नहीं ढूंढ पाया। वहां भी उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा किया था। उस समय स्थानीय पुलिस ने उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत कराई थी, लेकिन पत्नी ने मिलने और साथ रहने से इनकार कर दिया था। इसके बाद बढ़ौत पुलिस ने भी युवक को समझाया और फटकार लगाई थी।

इसके बावजूद पत्नी की तलाश में निकला विशाल हरिद्वार पहुंच गया और एक बार फिर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। हरिद्वार में करीब सात घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद आखिरकार वह नीचे उतर आया। फिलहाल पुलिस उसके परिजनों के संपर्क में है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, देहरादून-नैनीताल समेत तीन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.