नैनीताल के पांडे छोड़ गांव में मकान के भीतर घुसा पानी

 रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच अलचौना क्षेत्र के पाण्डेछोड़ गांव में मंगलवार को बरसाती ककड़िया नाले ने विकराल रूप धारण कर लिया।

सुबह से बढ़ता नाले का जलस्तर दोपहर तक इतना तेज हो गया कि नाले का पानी गांव के करीब दो दर्जन घरों के भीतर घुस गया।

घरों के अंदर पानी का तेज बहाव देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को अपनी जान के साथ-साथ घर में रखा कीमती सामान बचाने की चिंता सताने लगी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पाण्डेछोड़ गांव में पहाड़ी के पीछे से बहने वाले ककड़िया नाले का पानी अचानक बढ़ना शुरू हुआ।

शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे सामान्य बरसाती पानी समझा, लेकिन कुछ ही घंटों में पानी का बहाव तेज होता चला गया। दोपहर तक नाले का पानी तेज रफ्तार के साथ कई घरों में दाखिल हो गया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि घरों के भीतर से निकलते पानी की रफ्तार देखकर लोगों के पसीने छूट गए।

पानी घरों में घुसने के बाद प्रभावित परिवारों ने बमुश्किल अपने जरूरी और कीमती सामान को बाहर निकालना शुरू किया। ग्रामीण एक-दूसरे की मदद करते हुए सामान को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाते नजर आए। वहीं, घरों में पानी बढ़ने के साथ ही मकानों को भी खतरा पैदा हो गया।

प्रशासन और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने की सूचना के बाद प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम शुरू किया। लोगों को उनके जरूरी सामान के साथ सुरक्षित जगह पहुंचाया गया, ताकि बढ़ते नाले के पानी के बीच किसी तरह की जनहानि न हो।

बताया जा रहा है कि बरसाती नाले के तेज बहाव से प्रभावित परिवारों को काफी नुकसान हुआ है। घरों के भीतर पानी भरने से घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं के खराब होने की आशंका है। ग्रामीणों के सामने अब अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर रहने की चुनौती खड़ी हो गई है।

23 परिवारों को मकान खाली करने के निर्देश

लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पाण्डेछोड़ गांव के प्रभावित परिवारों को मकान खाली करने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन की ओर से मुरलीधर, ललित मोहन, त्रिलोक चंद, भुवन चंद, दीपा देवी, प्यारे लाल, प्रेम प्रकाश, कृष्ण चंद, सुंदर लाल, चंपा देवी समेत कुल 23 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर जाने और प्रभावित मकानों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान ककड़िया नाला हर साल परेशानी का कारण बनता है। मंगलवार को जिस तरह से नाले का पानी घरों में घुसा, उससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और बरसाती नाले के पानी की निकासी के लिए ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और किसी भी संभावित जनहानि को रोकने की है। लगातार बारिश के बीच नाले के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल जिले की इस नगरपालिका में थप्पड़ कांड से हड़कंप, कर निरीक्षक और अकाउंटेंट आमने-सामने; जांच के आदेश
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.