ब्रेकिंग न्यूज़

हरिद्वार।  लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में रविवार सुबह एक पुजारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने मंदिर में चोरी के दौरान विरोध करने पर पुजारी की हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भिक्कमपुर चौकी अंतर्गत भोगपुर गांव के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी 65 वर्षीय राजवीर पिछले दो माह से रहकर पूजा-पाठ और देखभाल कर रहे थे।

रविवार सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने पुजारी राजवीर को परिसर में लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि पुजारी की मौत हो चुकी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शनिवार रात एक या एक से अधिक बदमाश चोरी की नीयत से मंदिर में घुसे होंगे। इस दौरान पुजारी के विरोध करने पर बदमाशों ने किसी भारी वस्तु से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मंदिर स्वामी संजय सैनी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्र में सघन जांच और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: मेहता गांव में एक सप्ताह बाद बहाल हुई पेयजल आपूर्ति, ट्यूबवेल ठीक होने से ग्रामीणों को राहत

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.