बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन, सुबह पांच बजे से छापेमारी, 108 पर कार्यवाही

 50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस वाले फीडर रडार पर

 सात टीमों ने चलाया अभियान, मीटर सीज कर स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी

कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल और मीटर से छेड़छाड़ के मामले सामने आए

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बढ़ते लाइन लॉस और बिजली चोरी की शिकायतों के बीच विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए इस अभियान के दौरान किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित क्षेत्रों में विद्युत विभाग की सात टीमों ने घर-घर जाकर बिजली कनेक्शनों और मीटरों की जांच की।

चेकिंग के दौरान विभागीय टीमों को कथित तौर पर कई स्थानों पर कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले मिले। विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 108 मामलों में एफआईआर दर्ज की जा रही है, जबकि संबंधित मीटरों को सीज कर दिया गया है। सभी मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली के माध्यम से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

50 से 55 प्रतिशत तक मिला लाइन लॉस

कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों और फीडरों का लगातार अध्ययन कर रहा था। जांच के दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ फीडरों में लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद बिजली चोरी की स्थिति का पता लगाने और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई के लिए बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान की योजना तैयार की गई।

अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई और जेई के साथ विभागीय विजिलेंस टीम तथा पुलिस बल भी शामिल रहा। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

मीटर घरों से बाहर होंगे, आर्मर्ड केबल और स्मार्ट मीटर पर जोर

मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए क्षेत्र में कई तकनीकी बदलाव भी किए जाएंगे। घरों के अंदर लगे विद्युत मीटरों को बाहर शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि विभागीय कर्मचारी आसानी से मीटरों की जांच कर सकें। इसके अलावा सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने और क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बिजली चोरी पर रोक लगाकर विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाना है। साथ ही ईमानदारी से बिजली का बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना भी विभाग की प्राथमिकता है।

पैसे मांगने वालों की शिकायत पुलिस से करने की अपील

मुख्य अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने, मीटर लगवाने अथवा बिल जमा कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से पैसे की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल पुलिस से करें।

उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित कुछ शिकायतें भी सामने आई हैं। इन शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है और जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल, विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में निकली प्रभु श्रीराम की भव्य बारात, 20 हजार से अधिक रामभक्त हुए शामिल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.