असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए किया फिजिक्स का पेपर लीक

गोवा यूनिवर्सिटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए फिजिक्स का पेपर लीक कर दिया। शक तब हुआ जब गर्लफ्रेंड ने इस विषय में टॉप किया।

यूनिवर्सिटी में हंगामा मचा तो छात्र संगठन भी सामने आ गए। मामला गोवा के राज्यपाल तक पहुंचा और वहां से रिपोर्ट मांगी गई। इसलिए यूनिवर्सिटी ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया।

कुलपति हरिलाल बी मेनन ने आरोपों की जांच के लिए एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी भी बनाई है, जो अगले 48 घंटे में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। मामला गोवा यूनिवर्सिटी के फिजिक्स एप्लाइड साइंस विभाग से जुड़ा है।

आरोप है कि विभाग में कार्यरत एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने फिजिक्स में मास्टर्स का पेपर लीक किया। प्रोफेसर ने यह पेपर अपनी गर्लफ्रेंड के लिए लीक किया था।

प्रश्नपत्र की मदद से गर्लफ्रेंड ने भी परीक्षा में टॉप कर लिया। इसके बाद दूसरे छात्रों को शक हुआ। दरअसल, छात्रों का आरोप था कि टॉप करने वाली लड़की पढ़ाई में औसत थी, फिर उसने इसमें टॉप कैसे कर लिया? इसे लेकर यूनिवर्सिटी में हंगामा मच गया।

छात्रों ने लगाया ये आरोप

छात्र संगठनों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि आरोपी प्रोफेसर ने सबसे पहले अपने विभाग के सभी प्रोफेसरों के केबिन की चाबियां लीं और प्रश्नपत्र लीक कर दिया।

छात्रों ने कुलपति हरिलाल बी मेनन पर भी आरोप लगाया कि वह किसी दबाव के चलते असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

गोवा यूनिवर्सिटी के वीसी ने कहा कि आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को 17 मार्च से सस्पेंड किया गया है। हालांकि, यह प्रश्नपत्र लीक करने का मामला नहीं है।

दरअसल, आरोप यह है कि संबंधित व्यक्ति अपने ही विभाग के एक प्रोफेसर के केबिन में गया था। डीन के पूछने पर उसने कहा कि मैं प्रैक्टिकल के लिए जरूरी केमिकल लेने गया था।

अगली सुबह उसने बिना इजाजत केबिन में जाने के लिए माफी भी मांगी। वीसी का कहना है कि मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई गई है। मामले की जांच की जा रही है। इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

राज्यपाल ने तलब की रिपोर्ट

प्रेम में प्रश्नपत्र लीक होने का यह मामला राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई तक भी पहुंच गया है। उन्होंने इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

राजभवन की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि गोवा विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक होने के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद कोई निर्णय लिया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  खरगे की विवादित टिप्पणी पर हल्द्वानी में भड़की सियासी चिंगारी, भाजपा ने फूंका कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.