ब्रेकिंग न्यूज़

भोलेनाथ गार्डन में मकान की दूसरी मंजिल पर भीषण आग, कपड़ों के गोदाम में मचा हड़कंप

गली के भीतर गोदाम होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी

– फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा लाखों के नुकसान की आशंका

हल्द्वानी। शहर के भोलेनाथ गार्डन क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई।

गोदाम से तेज लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और आग की भयावह स्थिति को देखते हुए पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। गोदाम गली के भीतर होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।

बताया जा रहा है कि जिस मकान की दूसरी मंजिल पर आग लगी, वहां प्रदीप गारमेंट्स का कपड़ों का गोदाम संचालित हो रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की। अग्निशमन कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा कपड़ों का सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का अभी आधिकारिक आकलन नहीं किया गया है, लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग लगने के कारण और संपत्ति को हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त: प्लॉट विवाद में लौटाए ₹5 लाख, लिव-इन मामले में तीन माह में ₹7 लाख लौटाने के निर्देश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.