ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, 21 जून 2026 को जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस) भीमताल, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड हल्द्वानी एवं सुनिधि विकास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ‘योग संगम 2026’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की वैश्विक थीम “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के तहत जिला सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर में किया गया।

प्रातः 6:30 बजे से 7:45 बजे तक चले योग सत्र का शुभारंभ जेएसएस भीमताल के निदेशक द्वारा प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात आधिकारिक कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया।

योग विशेषज्ञ एस.एस. कार्की ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, पर्वतासन, भुजंगासन, मकरासन, शलभासन, पश्चिमोत्तानासन, अर्ध मत्स्येन्द्रासन एवं पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इसके बाद अनुलोम-विलोम और शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों ने मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम का समापन ध्यान एवं विश्राम सत्र के साथ हुआ।

कार्यक्रम का समन्वय पैरा लीगल वालंटियर एवं सुनिधि विकास संस्था की संस्थापक श्रीमती उमा भंडारी ने किया। योग संगम में कुल 43 नागरिकों और 7 स्टाफ सदस्यों सहित 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रमेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुरेन्द्र सिंह रौतेला, जगत सिंह बोरा, कैलाश चन्द्र भट्ट, जगत सिंह पड़ियार, हरीश सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता निभाई।

योग संगम 2026 के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : रक्षाबंधन से पहले बहनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी ने महिलाओं को किया सम्मानित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.