ब्रेकिंग न्यूज़

आदमखोर वन्यजीव की दहशत: भीमताल ब्लॉक के 18 गांवों में स्कूल-आंगनबाड़ी 25 और 27 अप्रैल को बंद 

नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड में आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता और मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी कर 18 गांवों के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 अप्रैल (शनिवार) और 27 अप्रैल (सोमवार) को अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन के अनुसार ज्योली और भदयूनी गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि दोगड़ा, डोलमार, सूर्याजाला, मोरा, ज्योलीकोट, सूर्यागांव, गांजा, रानीबाग, दो गांव, आलूखेत, बल्यूटी, हैडी, सोनगोठ, काठगोदाम, बेल और नाईसेला समेत आसपास के क्षेत्रों में भी वन्यजीव की सक्रियता की आशंका जताई गई है।

बताया गया कि इन गांवों के छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने के लिए सुनसान रास्तों, पगडंडियों और वन क्षेत्रों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने अस्थायी रूप से शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित करने का निर्णय लिया है।

जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। यह आदेश छात्रों के साथ संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी लागू होगा। हालांकि जनगणना कार्य में तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अवकाश अवधि में बच्चों को किसी भी स्थिति में विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र न बुलाया जाए। साथ ही वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय बनाकर स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  डीएसबी परिसर के विद्यार्थियों ने CSIR-NET में लहराया परचम, पूजा गुप्ता, हीरा भट्ट और सूरज कुमार समेत कई छात्रों को सफलता
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.