एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर बैरियर के पास कार से बरामद की स्मैक, ट्रक ड्राइवर और दर्जी गिरफ्तार

लालकुआं। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को 218.04 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों, एसओजी नैनीताल और एएनटीएफ को नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी निरोधात्मक एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 6 अक्टूबर 2026 को कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास एक अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा, उम्र 36 वर्ष, निवासी सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, जिला ऊधमसिंह नगर, मूल निवासी बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश तथा मो. शफीक उर्फ शफी, उम्र 51 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लेकर आए थे। पुलिस अब स्मैक की सप्लाई करने वाले व्यक्ति और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत भी अग्रिम जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि दूसरा आरोपी मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है। दोनों आरोपी कथित रूप से स्मैक की तस्करी में शामिल थे। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक किसे पहुंचाई जानी थी और इनके साथ इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

इस मामले में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 56/26 के तहत धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामदगी में 218.04 ग्राम अवैध स्मैक के साथ तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को भी शामिल किया गया है।

यह कार्रवाई डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी नैनीताल, हरबन्स सिंह, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी लालकुआं के पर्यवेक्षण तथा बृजमोहन राणा, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं और मोहन सिंह सोन, प्रभारी एसओजी के नेतृत्व में की गई।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  दिनेश आर्य के राज्यसभा उम्मीदवार नामित होने पर कूटा ने जताई खुशी, अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने दी बधाई

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.