नंदा देवी महोत्सव में नैनीताल पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा, अधिकारियों ने पैदल गश्त कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस अलर्ट, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लगातार किया जा रहा जागरूक; सामान व बच्चों की सुरक्षा को लेकर अपील
नैनीताल। ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सक्रिय किया है। अधिकारियों और पुलिस टीमों द्वारा लगातार पैदल गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति पर तत्काल नजर रखी जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था का मौके पर जायजा लेने के लिए एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत पुलिस बल के साथ लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ की स्थिति और पुलिस की तैनाती का निरीक्षण किया जा रहा है।
अनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं को किया जा रहा जागरूक
मेला क्षेत्र में पुलिस टीमों द्वारा लगातार अनाउंसमेंट और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स, जेवरात एवं अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।
इसके साथ ही अभिभावकों से बच्चों तथा बुजुर्गों पर विशेष नजर रखने की अपील की जा रही है। भीड़ के बीच किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी होने पर तत्काल पुलिसकर्मियों से संपर्क करने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में लगातार मूवमेंट पर पुलिस
सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार मेला क्षेत्र में मूवमेंट बनाए हुए है। पुलिस द्वारा दुकानदारों, स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि नंदा देवी महोत्सव के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय रहेगा।




























