ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित एवं नैनीताल बैंक द्वारा प्रायोजित 78वीं एच.एन. पांडे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में गुरुवार को सेंट जॉन्स नैनीताल और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई अच्छे अवसर बनाए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के चलते मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और स्कोर 0-0 रहा।

दूसरे हाफ में सेंट जॉन्स नैनीताल ने खेल की गति तेज करते हुए लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। इसी दौरान टीम के खिलाड़ी रुद्रांश ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने बराबरी का गोल करने के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन सेंट जॉन्स की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उनकी एक न चली।

निर्धारित समय तक सेंट जॉन्स नैनीताल ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए सैनिक स्कूल घोड़ाखाल को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल रुद्रांश ने किया।

आज के मुकाबले में प्रेम बिष्ट, शिखर साह और नकुल बिष्ट ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई और मैच का सफल संचालन किया।

टूर्नामेंट के अंतर्गत अब शुक्रवार को हरमन माइनर भीमताल और बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म मामले का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, POCSO समेत गंभीर धाराएं बढ़ीं

You missed

error: Content is protected !!