ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चौखुटिया ब्लॉक के हाट धामदेवल क्षेत्र से लौट रहे शिक्षकों की कार उडलीखान गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब 16 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में पांच शिक्षक घायल हो गए, जिनमें एक शिक्षिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि चार अन्य शिक्षकों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज धामदेवल के शिक्षक नवल किशोर देवली, मोनिका आर्य, हेमलता नेगी, दीपचंद जोशी और बृजेश चंद्र सिंह विद्यालय की छुट्टी के बाद निजी कार से चौखुटिया की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उडलीखान गांव के समीप एक तीखे मोड़ पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार खाई में गिरने से पहले दो बार पलटी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से जिला उप चिकित्सालय पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया, जिसमें चार शिक्षकों की हालत सामान्य पाए जाने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं शिक्षिका हेमलता नेगी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बढ़ी फिसलन और कम दृश्यता को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

राहत की बात यह रही कि वाहन के कई बार पलटने और गहरी खाई में गिरने के बावजूद सभी कार सवारों की जान बच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर किए गए बचाव कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  धनियांकोट में ग्रामीणों ने उठाई पानी और जंगली जानवरों की समस्या, हेमचंद्र आर्या ने वन विभाग को पत्र भेजने का दिया आश्वासन

You missed

error: Content is protected !!