रुद्रपुर। रुद्रपुर से गदरपुर जाते समय एक ऑटो में सफर कर रहे नैनीताल निवासी दंपति के बैग से करीब आठ तोला सोने के जेवर चोरी हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार तल्ला कृष्णापुर, तल्लीताल (नैनीताल) निवासी कुंदन सिंह नयाल 9 मई को अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गदरपुर जाने के लिए रुद्रपुर पहुंचे थे। डीडी चौक से दोनों गदरपुर जाने वाले एक ऑटो में सवार हुए। ऑटो में चालक समेत चार अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनमें एक महिला और उसका बच्चा शामिल थे।
बताया गया कि गावा चौक के पास महिला और बच्चा ऑटो से उतर गए। कुछ देर बाद दंपति को पता चला कि पत्नी के बैग में रखे सोने के जेवर गायब हैं। इस पर उन्होंने ऑटो चालक से वाहन वापस गावा चौक ले जाने को कहा, लेकिन चालक ने मना कर दिया। मजबूरन दंपति करीब तीन से चार किलोमीटर पैदल चलकर गावा चौक पहुंचे और रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी।
इसके बाद पीड़ित दंपति ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कुंदन सिंह नयाल ने बताया कि बैग में करीब आठ तोला सोने के जेवर रखे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

