मुखानी क्षेत्र में महिला की मृत्यु कहानी में नया मोड़—आर्थिक लेनदेन और सोने के आभूषणों का विवाद आया सामने, मानसिक तनाव में थी महिला
बेटे ने चाकू लेकर पड़ोसी के घर पहुंचकर किया था हंगामा, वाहनों को पहुचाई थी क्षति, मौत की असली वजह बिसरा रिपोर्ट से होगी स्पष्ट
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी, छोटी मुखानी में महिला सविता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में पड़ोसी परिवार के साथ लंबे समय से चल रहे आर्थिक लेनदेन और सोने के आभूषणों से जुड़े विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पूर्व सविता के पुत्र ने पड़ोसी पूनम और उनके पति निलेश देवल के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया था। युवक ने गाली-गलौज करते हुए दोनों को घर से बाहर निकलने की चुनौती दी और जान से मारने की धमकी भी दी। बताया गया कि वह अत्यधिक आक्रोशित अवस्था में था तथा उसके हाथ में धारदार हथियार (चाकू) था।
आरोप है कि युवक ने पूनम और निलेश देवल की घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी पर चाकू से खरोंचें लगाईं और उनकी स्कूटी को भी गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति को देखते हुए परिवार ने अपनी सुरक्षा के लिए घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम (112) को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
इलाज के लिए लिए गए थे सोने के आभूषण
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2023 में सविता के पति राजीव कुमार की तबीयत खराब होने पर उपचार के लिए आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। इसी दौरान सविता ने अपनी परिचित पूनम से आर्थिक मदद मांगी थी।
दोनों परिवारों के बीच पहले से घरेलू और पारिवारिक संबंध होने के कारण विश्वास के आधार पर पूनम ने सविता को अलग-अलग अवसरों पर काफी मात्रा में सोने के आभूषण दिए थे। बताया गया कि इन आभूषणों को गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखकर धनराशि प्राप्त की गई, जिसका उपयोग इलाज में किया जाना था।
पुलिस के अनुसार, कुछ माह पहले सविता की ओर से आश्वासन दिया गया था कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आभूषण वापस कर दिए जाएंगे। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी जब आभूषण वापस नहीं मिले तो पूनम और उनके पति निलेश देवल ने उन संस्थानों में जानकारी जुटाई जहां आभूषणों के बदले गोल्ड लोन लिया गया था।
गोल्ड लोन नहीं चुकाने पर हो गई आभूषणों की नीलामी
जानकारी के दौरान पता चला कि गोल्ड लोन की बकाया राशि समय पर जमा नहीं होने के कारण संबंधित सोने के आभूषण नियमानुसार नीलाम कर दिए गए थे। इस खुलासे के बाद पूनम और निलेश को पूरे मामले की वास्तविक स्थिति का पता चला।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जब सविता को इस बात की जानकारी मिली कि पूनम और उनके पति को आभूषणों की नीलामी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी हो चुकी है, तो वह काफी मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
मानसिक तनाव में थी महिला, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस का कहना है कि सविता पहले से ही पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं के चलते मानसिक तनाव से गुजर रही थी। हालांकि उनकी मृत्यु का सीधा कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।



