हल्द्वानी। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के अवसर पर जनपद नैनीताल में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए 14 अगस्त की रात्रि से ही जनपदभर में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, सार्वजनिक स्थल, पर्यटन स्थल, सरकारी प्रतिष्ठान तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जाए। पुलिस कर्मियों को लगातार गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और किरायेदारों का सत्यापन अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान आयोजित होने वाले सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यक्रमों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन कराया जाए। कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।



