भवाली पुलिस गिरफ्तारी के लिए पहुंची; नरेश पांडे ने फिनायल पिया,गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
भवाली (नैनीताल)। यौन शोषण के मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के सिलसिले में पुलिस जब भवाली उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पूछताछ के लिए लेने उनके आवास पहुंची, तब उन्होंने कथित तौर पर फिनायल पी लिया। गंभीर हालत में पुलिस उन्हें पहले बी.डी. पांडे अस्पताल, नैनीताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल कोतवाली में एक युवती ने नरेश पांडे के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में युवती ने मुकदमा वापस लेने के साथ तल्लीताल थाने में तीन अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोप लगाया कि उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर व्यापारी नेता के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया था। इस मामले में नरेश पांडे को उच्च न्यायालय से भी राहत नहीं मिली।
पुलिस कार्रवाई के दौरान नरेश पांडे ने अपने घर की बालकनी से फेसबुक लाइव किया। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उन्हें पकड़ने पहुंची है तथा उनके परिवार, नाबालिग बेटी, पिता, भाई और बेटे के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीड़िता ने धारा 164 के बयान उनके पक्ष में दिए हैं। लाइव वीडियो के दौरान ही उन्होंने फिनायल पीने की बात कही, जिसके बाद वीडियो अचानक बंद हो गया।
नरेश पांडे की पत्नी चित्रा पांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस गिरफ्तारी संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सकी और जबरन घर में घुसकर नरेश को अपने साथ ले गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने घर में मौजूद बच्चों और बुजुर्गों के साथ हाथापाई की, जिससे वे घायल हो गए।
वहीं, नैनीताल पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के दौरान सामने आए महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर नरेश पांडे को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए साथ ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों और नरेश पांडे व उनके परिवार के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।


