ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

विदेश में नौकरी के नाम पर बागेश्वर के युवक से 3.17 लाख की ऑनलाइन ठगी, मुकदमा दर्ज

बागेश्वर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कपकोट के एक बेरोजगार युवक से 3.17 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कपकोट थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों और संबंधित कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी तथा आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कपकोट क्षेत्र के ग्राम पुडकुनी निवासी महेश सिंह मेहरा ने तहरीर में बताया कि मार्च 2026 में फेसबुक पर अज़ारक लिमिटेड यूके का विज्ञापन देखने के बाद उसने संपर्क किया। इसके बाद टेलीग्राम पर खुद को एजेंट बताने वाले रोहन कुमार ने उसे यूके की एक कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और ईमेल के माध्यम से कथित जॉइनिंग लेटर भेजा।

आरोप है कि रोहन कुमार और उसके साथी डस्टिन ब्रेडशा ने वर्क इनविटेशन, यूके वीजा, हेल्थ इंश्योरेंस और वीएफएस ग्लोबल की प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग तिथियों में तीन बैंक खातों में कुल 3,17,090 रुपये जमा करा लिए।

पीड़ित ने बताया कि तय समय बीत जाने के बाद भी उसे वीजा नहीं मिला। इसके उलट आरोपियों ने और धनराशि की मांग शुरू कर दी। तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।

कपकोट थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर सेल की सहायता से की जा रही है। पुलिस बैंक खातों, सोशल मीडिया आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक: अवैध होमस्टे पर सख्त कार्रवाई, पॉकेट पार्किंग और चौराहों के सौंदर्यीकरण को मंजूरी
error: Content is protected !!