देहरादून में देर रात सनसनीखेज वारदात,शिमला बायपास रोड के बुड्ढी गांव में घर के भीतर मारी गोली, हमलावर फरार; पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है, जो पेशे से वकील था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साहिल घटना के समय अपने घर में अपने भाई के साथ मौजूद था। इसी दौरान कुछ हमलावर सुनियोजित तरीके से वहां पहुंचे और साहिल को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पटेलनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी वारदातों ने राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


